पद्मश्री डॉ. पुष्पेश पंत 'गांधी एक सचित्र जीवनी' के लेखक प्रमोद कुमार से करेंगे संवाद
जयपुर। महात्मा गांधी की 150वीं जयन्ती वर्ष के उपलक्ष्य में आईएएस एसोसिएशन एवं एचसीएम रीपा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को एचसीएम रीपा में प्रातः 10:45 बजे 'गांधी एक सचित्र जीवनी' के लेखक प्रमोद कुमार द्वारा खादी पर उकेरी गई महात्मा गांधी की सचित्र जीवनी की प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य सचिव डी.बी. गुप्ता करेंगे। उद्घाटन के बाद पद्मश्री डॉ. पुष्पेश पंत लेखक प्रमोद कुमार से उनकी पुस्तक पर चर्चा करेंगे। एचसीएम रीपा के निदेशक आईएएस अश्विनी भगत भी मौजूद रहेंगे।
आईएएस एसोसिएशन की साहित्यिक सचिव मुग्धा सिन्हा ने बताया कि मूल अंग्रेजी में लिखी गई पुस्तक 'गांधी एन इलुस्टार्टेंड बायोग्राफी' का हिन्दी, मराठी, डच, फ्रेंच, रशियन, जर्मन एवं इटालियन भाषा में अनुवाद भी हो चुका है। महात्मा गांधी पर लिखी यह किताब एक शानदार दस्तावेज है। जिसमें गांधी के जीवन के विभिन्न पहलुओं का रोचक वर्णन तस्वीरों के साथ किया गया है। इसमें बचपन से लेकर अन्तिम समय तक की महत्वपूर्ण घटनाओं को शामिल करते हुए सरल भाषा में कम शब्दों में स्पष्ट तौर पर दर्शाया गया है। उन्होंने बताया कि पुस्तक को 6 भागों में बांटा गया है, पहला भाग-हिन्दुस्तान, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के शुरूआती वर्ष (1869 से 1914 तक) है।
सिन्हा ने बताया कि पुस्तक का द्वितीय भाग- हिन्दुस्तान वापसी, असहयोग आन्दोलन और स्वाधीनता का आह्वान (1915 से 1929), तृतीय भाग - नमक सत्याग्रह और गोलमेज सम्मेलन (1930-1939), चतुर्थ भाग- क्रिप्स मिशन और भारत छोड़ो आन्दोलन (1940 से 1946), पंचम भाग - सांप्रदायिक दंगे, विभाजन और आजादी (1946 से 1947) तथा षष्ठम भाग - हत्या और दाह संस्कार (1948) है। पुस्तक गांधी को एक शरारती, जिंदादिल लड़के से एक महात्मा के रूप में विकसित होने का अध्ययन है।
उन्होंने बताया कि लेखक ने क्रमबद्ध पाठ्य सामग्री और उनके साथ दिये गये छायाचित्र गांधी की अनूठी जटिलता को साकार करते है, उनकी सफलताओं और विफलताओं को, अपने समकालीनों के साथ उनके आत्मीय रिश्तों को और स्वयं अपने परिवार के साथ रहे रिश्तों को भी बखूबी बताया गया है। पुस्तक मेें गांधी के क्रिकेट प्रेम का भी जिक्र किया गया है। लेखक ने पुस्तक में उन महिलाओं का भी वर्णन किया है जिन्होंने गांधी का अनुसरण किया।